Santosh Kumar Yadav / Mon, Aug 24, 2026 / Post views : 59
लखनऊ। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया गया। अपने दौरे के दौरान वह उत्तर प्रदेश के मतदाताओं, अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ संवाद करेंगे।
लखनऊ पहुंचने पर ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लखनऊ उनके लिए तपोभूमि और कर्मभूमि रहा है। उन्होंने यहां शिक्षा हासिल की है और लंबे समय बाद लखनऊ लौटने पर अपनी पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे का प्रमुख उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं और अधिकारियों के साथ संवाद करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने की दिशा में जागरूकता बढ़ाना है।
BLO से करेंगे सीधा संवाद
CEC ज्ञानेश कुमार बूथ लेवल अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि BLO मतदाताओं से सीधे जुड़े होते हैं और चुनावी प्रक्रिया में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाताओं तक चुनाव से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाने में BLO की अहम भूमिका रहती है।
दौरे के दौरान चुनावी प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन व्यवस्था की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष फोकस रहेगा।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालयों और स्कूलों में भी चुनाव जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को लोकतंत्र, मतदान और चुनावी पारदर्शिता की जानकारी देने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही मतदाता साक्षरता क्लब और ECI Net पोर्टल के माध्यम से भी संवाद को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया को समझने और जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी करने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा उत्तर प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने और निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन