Santosh Kumar Yadav / Sat, Aug 22, 2026 / Post views : 82
इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में 17 अगस्त को हुए मां-बेटी के सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मृतका की पायल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को चन्देठी गांव में दो महिलाओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना भरथना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 अगस्त की रात सूचना मिली कि डबल मर्डर का आरोपी तुरैया पुल के पास मंदिर के नजदीक मौजूद है और गवाहों को धमकाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो पुलिस के अनुसार उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वर्ष 2021 में उसकी शादी मृतका मंजू यादव से हुई थी। वैवाहिक विवाद के चलते पत्नी अपने मायके में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, भरण-पोषण और घरेलू हिंसा को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा था।
पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों महिलाओं की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त की रात दोनों महिलाओं को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद आरोपी ने अपने साथी को फरार होने के लिए ढाई लाख रुपये देने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस ने मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
बाइट: ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, एसएसपी इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन