Santosh Kumar Yadav / Sun, Aug 23, 2026 / Post views : 80
उत्तरकाशी। यमुनोत्री रोड स्थित खरादी क्षेत्र में रविवार को यमुना नदी के तेज बहाव के बीच फंसे एक मजदूर को SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल रेस्क्यू कर लिया। युवक नदी के बीच एक चट्टान पर फंस गया था, जहां से SDRF जवानों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को SDRF पोस्ट बड़कोट को स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से सूचना मिली कि खरादी क्षेत्र में एक व्यक्ति यमुना नदी के बीच फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ कुछ ही मिनटों में घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक युवक तेज बहाव के बीच चट्टान पर फंसा हुआ है। उसकी पहचान सुजीत यादव पुत्र नरेश यादव, निवासी ग्राम पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार के रूप में हुई। सुजीत यादव मजदूरी का काम करता है।
बताया गया कि सुजीत यमुना नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बहने लगा। जान बचाने के लिए उसने नदी के बीच एक चट्टान को पकड़ लिया और उस पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल SDRF को दी।
सूचना मिलते ही SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर साहसिक एवं त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन