Santosh Kumar Yadav / Sun, Aug 23, 2026 / Post views : 77
महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज में सोना तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस की तलाशी में करीब 16 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की 10 ईंटें बरामद होने की बात सामने आई है। मामले के तार नेपाल से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ठूठीबारी नेपाल बॉर्डर से सोने की खेप महराजगंज और गोरखपुर के रास्ते दिल्ली के दरियागंज ले जाई जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन की तलाशी के दौरान सोने की ईंटें बरामद हुईं।
मामले में महराजगंज के ठूठीबारी थाना क्षेत्र निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पाल्पा जिले के सरोज पंथ को गिरफ्तार किया गया है।
कन्नौज के तालग्राम थाने में शुरुआती पूछताछ के बाद कस्टम विभाग के अधिकारी दोनों आरोपियों और बरामद सोने को लेकर लखनऊ रवाना हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कस्टम एवं सीमा शुल्क विभाग अब सोने के स्रोत, इसके वास्तविक मालिक और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रहा है।
अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सोना कहां से आया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नोट: बरामद सोने की कीमत और तस्करी से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन