Santosh Kumar Yadav / Fri, Aug 21, 2026 / Post views : 107
अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व को लेकर अयोध्या में इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। धार्मिक परंपरा के तहत भगवान श्रीराम की बड़ी बहन माता शांता की ओर से देश के प्रमुख संवैधानिक पदों पर आसीन लोगों को रक्षा सूत्र भेजा जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को माता शांता की ओर से राखी भेजने की तैयारी है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी रक्षा सूत्र भेजा जाएगा।
यह पहल श्रृंगी ऋषि सेवा संस्थान की ओर से की जा रही है। संस्थान के अध्यक्ष सुभाष सिंह के नेतृत्व में राखियां तैयार कराई गई हैं। साकेत भवन के महंत सीताराम दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इन राखियों को अभिमंत्रित किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार माता शांता भगवान श्रीराम की बड़ी बहन थीं और उनका विवाह श्रृंगी ऋषि से हुआ था। इसी धार्मिक परंपरा से जुड़ी मान्यता के तहत रक्षाबंधन पर माता शांता की ओर से रक्षा सूत्र भेजने की परंपरा निभाई जाती है।
इसी क्रम में 27 अगस्त को माता शांता की ओर से श्रीरामलला के लिए भी राखी राम मंदिर पहुंचाई जाएगी। अयोध्या में रक्षाबंधन से जुड़ी इस पहल को धार्मिक परंपरा और भाई-बहन के स्नेह के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन