Santosh Kumar Yadav / Sun, Sep 27, 2026 / Post views : 260
रुदौली। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बीच शुक्रवार को शुजागंज चौकी क्षेत्र के बिचाला गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से गांव निवासी 75 वर्षीय राम स्वरूप की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में हेड कांस्टेबल इंद्रेश यादव, कांस्टेबल शरद कुमार शर्मा, कांस्टेबल रवि चौधरी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और कांस्टेबल सौरभ यादव शामिल रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद पूरा गांव स्तब्ध था। इस बीच शुजागंज चौकी पुलिस ने मामले में केवल आवश्यक पुलिस कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए मृतक के परिजनों को प्राकृतिक आपदा के तहत शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने के लिए प्रयास शुरू किए।
पुलिस के प्रयासों के बाद अगले ही दिन बीट के सिपाही शरद कुमार शर्मा मृतक के परिजनों को अपने साथ मवई ले गए, जहां प्रभारी मंत्री की ओर से परिजनों को चार लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया गया।

पुलिस की इस पहल को लेकर क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास भी सराहनीय रहा।
वहीं, शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार की मदद करना पुलिस का कर्तव्य है। ऐसे कार्यों के लिए वह और उनकी पूरी टीम हमेशा तत्पर रहती है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन