Santosh Kumar Yadav / Fri, Oct 16, 2026 / Post views : 148
उन्नत गन्ना प्रजातियों, वैज्ञानिक खेती और बेसिक कोटा के महत्व की दी गई जानकारी
अयोध्या। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की रौजागांव इकाई की ओर से फैजाबाद जोन के सरायनामू गांव में शरदकालीन गन्ना बुवाई को लेकर कृषक गोष्ठी एवं कृषक प्लॉट भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 190 से 200 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत गन्ना प्रजातियों और गन्ना आपूर्ति में बेसिक कोटा के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बलरामपुर समूह के सीओईसी हेड राजीव गुप्ता ने शरदकालीन गन्ना बुवाई के लाभों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उन्नत प्रजातियों के चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, उचित सिंचाई तथा फसल को रोगों और कीटों से बचाने के उपाय बताए। साथ ही नई गन्ना आपूर्ति नीति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी।
सहायक महाप्रबंधक गन्ना ब्रजपाल सिंह ने किसानों को गन्ने की नवीन प्रजातियों को०शा० 23232, को०लख० 21201 और को०लख० 14201 की विशेषताओं एवं उनकी उपयुक्तता के बारे में बताया। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने और उपयुक्त प्रजातियों की बुवाई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की अपील की।
गोष्ठी के दौरान किसानों के गन्ना प्लॉटों का भ्रमण कर फसल की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान खेत की तैयारी, निर्धारित दूरी पर बुवाई, संतुलित पोषण, समय पर सिंचाई और फसल प्रबंधन को लेकर तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। किसानों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता और अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
मिल प्रबंधन के अनुसार, किसानों को नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी देने और गन्ने की खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य किसानों और मिल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी है।
कार्यक्रम में अक्षय श्रीवास्तव, सहायक महाप्रबंधक (सीओईसी), बृजभूषण दुबे, प्रबंधक (सीओईसी), रीजनल हेड अजीत कुमार राय, अविनाश तिवारी, शमशेर सिंह, राहुल सोम, अमित वर्मा और गंगाधर दुबे सहित फैजाबाद जोन के फील्ड अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी सहभागिता की।

स्रोत: बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड, रौजागांव इकाई, अयोध्या की प्रेस विज्ञप्ति।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन