Santosh Kumar Yadav / Mon, Aug 17, 2026 / Post views : 57
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के राशन डीलरों को बड़ी सौगात देते हुए उनके कमीशन में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब राशन डीलरों को प्रति क्विंटल 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये कमीशन मिलेगा। इसके साथ ही राशन डीलरों को नई और सम्मानजनक पहचान देते हुए उन्हें ‘मां अन्नपूर्णा भवन संचालक’ के नाम से जाना जाएगा।
लखनऊ में सावन के तीसरे सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राशन डीलरों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सरकार ने राशन वितरण केंद्रों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए यहां दैनिक उपयोग की 39 अतिरिक्त वस्तुओं की बिक्री की अनुमति देने का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कानपुर देहात के माती स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। जिलाधिकारी कपिल सिंह समेत जिले के अधिकारी और राशन डीलर संघ के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राशन डीलरों को अब सम्मानजनक पहचान मिलने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। कानपुर देहात में 23 अन्नपूर्णा भवन जल्द तैयार होने की बात कही गई, जबकि 159 अन्य भवनों के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
सरकार के फैसले के बाद अब राशन वितरण केंद्रों पर राशन के साथ-साथ आम लोगों की जरूरत से जुड़े 39 अतिरिक्त उत्पाद भी उपलब्ध हो सकेंगे। इनमें दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बिक्री शामिल होगी। सरकार का मानना है कि इससे राशन दुकानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होंगे और राशन डीलरों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने भी सरकार के फैसले को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं, राशन डीलर संघ के पदाधिकारियों ने सरकार की घोषणाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। राशन डीलरों का कहना है कि कमीशन में बढ़ोतरी और अन्नपूर्णा भवनों के जरिए उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन