Santosh Kumar Yadav / Sat, Aug 15, 2026 / Post views : 100
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धार्मिक उल्लास का विशेष दृश्य देखने को मिलेगा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में रामलला सरकार अपने चारों भाइयों के साथ झूला बिहार करेंगे। बताया जा रहा है कि करीब 500 वर्षों के बाद पहली बार रामलला की पालकी यात्रा मंदिर परिसर में निकाली जाएगी।
रामलला की पालकी यात्रा के लिए चांदी की पालकी को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। पालकी यात्रा शाम करीब 4 बजे राम मंदिर से निकलेगी। गाजे-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच रामलला के साथ चारों भाई मंदिर परिसर में भ्रमण करेंगे।
यात्रा को लेकर रामनगरी में विशेष तैयारियां की गई हैं। रामलला की पालकी यात्रा 70 एकड़ के श्रीराम जन्मभूमि परिसर में निकाली जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इस ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन में अयोध्या के साधु-संत भी शामिल होंगे। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिलने की उम्मीद है।
रामलला के मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक परंपराओं और उत्सवों को भव्य स्वरूप देने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में 500 वर्षों के बाद रामलला की पालकी यात्रा को अयोध्या के धार्मिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन