सपा से टिकट न मिलने पर हाथ में ले लिया कमल

रुदौली अयोध्या। सपा से टिकट का आवेदन करने वाले लेखराज उर्फ कप्तान गिरी बाबा को विधायक रामचंद्र यादव ने बीजेपी का झंडा थमाया। कप्तान गिरि के साथ ही उनके लगभग 200 समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा। सैमसी गांव में बाबा फूल गिरि के स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि जिस विश्वास के साथ गिरि बाबा ने भाजपा का झंडा थामा है और समर्थन दिया है, उनके विश्वास को कभी कमजोर नहीं होने दूंगा। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या की पावन भूमि पर साधु संतों का आशीर्वाद मिलने से यह तय हो गया कि यहां के निकाय चुनाव में भाजपा शानदार जीत हासिल करने जा रही है। विधायक ने भाजपा सरकार की योजनाओं को गिनाया और कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में मजबूती से जुट जाने का आवाहन किया। इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार शीतला प्रसाद शुक्ल, बब्बन शुक्ल, महंत सुग्रीव दास, प्रधान प्रतिनिधि अशोक गुप्त, महादेव कौशल, जग प्रसाद रावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


