इटावा जनपद के भरथना थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय प्रिया कुशवाहा ने इंस्टाग्राम पर भावुक स्टेटस डालने के कुछ ही देर बाद जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि प्रिया ने अपने स्टेटस में लिखा— “मेरे जनाजे पर सभी को आना है, कोई बहाना नहीं चलेगा… मैं सच में जा रही हूं…”। स्टेटस के कुछ समय बाद ही उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सैफई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, प्रिया का मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। इस बात की जानकारी होने पर उसकी पढ़ाई छुड़वा दी गई थी। करीब दो साल पहले युवक पर लड़की को भगाने का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हुआ, जिसमें शादी की बात तय हुई थी।
मृतका के पिता का आरोप है कि युवक ने शादी के लिए 5 लाख रुपये दहेज की मांग की, जिससे परेशान होकर प्रिया ने यह कदम उठाया।
प्रिया अपने परिवार में दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, पिता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।