अमानीगंज। क्षेत्र के प्राचीन सिद्धनाथ मंदिर पर शनिवार को प्रयास ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य व स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 44 लोग रक्तदान कर महादानी बने। अयोध्या आई हॉस्पिटल द्वारा नेत्र परीक्षण कर 36 मरीजों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में एलोपैथी व नेचुरोपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने रक्त दाताओं को प्रमाण पत्र वितरित किया।
प्रयास ट्रस्ट के अध्यक्ष राम अवध यादव के माताजी की पुण्यतिथि पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने रोगियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य शिविर में निजी पैथोलॉजी द्वारा रक्तचाप, शुगर सहित विभिन्न प्रकार की जांच निशुल्क की गई। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर अयोध्या के मेडिकल स्टाफ द्वारा ब्लड कलेक्शन किया गया।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव स्वास्थ्य ने शिविर के आयोजन के लिए ट्रस्ट के सदस्यों को धन्यवाद देते हुए लोगों से कहा कि वह नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें और जैविक खेती करें जिससे निरोगी जीवन जी सकें।
भारतीय कृषि प्रबंधन संस्थान के अनिल शुक्ला ने कैंप लगाकर किसानों को वर्मी कंपोस्ट खाद बनाने की विधि बताई गई और लोगों को उनके संस्थान द्वारा तैयार वर्मी कंपोस्ट खाद का सैंपल दिखाया गया। संस्थान द्वारा किसानों को पशुओं के हरे चारे के लिए नेपियर घास लगाने की सलाह दी गई कुछ किसानों को संस्थान द्वारा निशुल्क वितरित की गई।
प्रयास ट्रस्ट के अध्यक्ष राम अवध यादव ने बताया कि अयोध्या आई हॉस्पिटल द्वारा 36 मोतियाबिंद के रोगियों को चिन्हित किया गया है जिनका 9 मार्च को निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। और चश्मे वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न बीमारियों से जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के संयोजक प्रधान किनौली धर्मचन्द्र यादव पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश यादव, भवानीफेर मिश्र, सियाराम रावत आदि क्षेत्र के गणमन्य लोग मौजूद रहे।