Santosh Kumar Yadav / Wed, Aug 26, 2026 / Post views : 119
अमेठी। चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच शासन के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर शिकंजा कसने के लिए अमेठी तहसील क्षेत्र में थोक चीनी गोदामों की जांच शुरू कर दी है। विभागीय टीम ने दो बड़े गोदामों पर पहुंचकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।
पूर्ति निरीक्षक शुभम और अरुण कुमार पांडे ने टीम के साथ गोदामों का निरीक्षण किया। इस दौरान महेश्वरी ट्रेडर्स के गोदाम में 166 बोरी और गोपाल दास ट्रेडर्स के गोदाम में 104 बोरी चीनी का स्टॉक पाया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध स्टॉक का सत्यापन किया।

जांच के दौरान कारोबारियों को निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं करने के सख्त निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत अथवा नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई के बाद चीनी कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोका जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन