Santosh Kumar Yadav / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 55
मसूरी, उत्तराखंड। मसूरी गोलीकांड की बरसी पर 2 सितंबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित नहीं किए जाने से आक्रोश बढ़ गया है। मामले को लेकर मंगलवार को शहीद स्थल झूला घर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने कहा कि 22 अगस्त को उप जिलाधिकारी कार्यालय में 2 सितंबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन इसमें राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने इसे राज्य निर्माण आंदोलनकारियों का अपमान बताते हुए कहा कि इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राज्य आंदोलनकारी अनिल गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने संघर्ष किया और कई लोगों ने अपने परिजनों को खोया, जबकि अनेक आंदोलनकारी पुलिस की बर्बरता का शिकार हुए। ऐसे लोगों की उपेक्षा किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वहीं राज्य आंदोलनकारी देवी गोदियाल ने कहा कि हर वर्ष 2 सितंबर को होने वाले मसूरी गोलीकांड से जुड़े कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित किया जाता रहा है और उनकी मौजूदगी में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाती थी। इस बार उन्हें बैठक से दूर रखना आंदोलनकारियों की भावनाओं को आहत करने वाला है।
राज्य आंदोलनकारी मंच ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराई जाए और भविष्य में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानपूर्वक कार्यक्रमों में शामिल किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन