Santosh Kumar Yadav / Thu, Aug 13, 2026 / Post views : 68
बिजनौर, 13 अगस्त। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जनपदीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा करने और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास’ की भावना के साथ कार्य कर रही है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने जिले के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उप जिलाधिकारी चांदपुर ने बताया कि क्षेत्र के चार-पांच गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।
इस पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रभावित लोगों को राहत किट का वितरण कराया जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक और अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर प्रभारी मंत्री ने दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने जल निगम ग्रामीण के कार्यों की समीक्षा करते हुए गांवों में बनी पानी की टंकियों, बिछाई गई पाइपलाइनों और पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत की स्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने गौशालाओं का प्रत्येक माह कम से कम एक बार औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को आमजन और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफल बनाने का भी आह्वान किया।
एमएलसी अशोक कटारिया ने अधिकारियों से किसानों और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही। उन्होंने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
नहटौर विधायक ओम कुमार ने नहटौर-नगीना मार्ग का निरीक्षण कराने की मांग की और सड़क निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने पर जोर दिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्बन क्रेडिट योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने गांवों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाए जा रहे उपकेंद्रों की जानकारी भी ली।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि 18 उपकेंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 18 अन्य उपकेंद्रों के लिए भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, वृक्षारोपण अभियान, कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, सिंचाई विभाग और नमामि गंगे समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः और समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, नहटौर विधायक ओम कुमार, धामपुर विधायक अशोक राणा, एमएलसी अशोक कटारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेन्द्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष इन्दिरा सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन