Santosh Kumar Yadav / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 57
अमेठी। गौरीगंज के चर्चित अंकित कश्यप हत्याकांड में घटना के 38 घंटे बाद भी मृतक का अंतिम संस्कार नहीं हो सका। परिजन एक करोड़ रुपये के मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग को लेकर अड़े रहे। बुधवार को परिजनों और समर्थकों ने शव को अमेठी रोड पर रखकर प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। जाम के चलते पुलिस ने महिला थाना और सैठा चौराहे से वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया।
सूचना मिलते ही सीओ अखिलेश वर्मा, कोतवाल रवि सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शव सड़क से हटवाया और परिजनों के साथ वार्ता शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के मानसिंह का पुरवा निवासी 22 वर्षीय अंकित कश्यप की सोमवार रात अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने हत्या में बर्बरता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन