Santosh Kumar Yadav / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 69
अयोध्या। राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूमि पूजन कर मंदिर की आधारशिला रखी थी। इस ऐतिहासिक अवसर के छह वर्ष पूरे होने पर अयोध्या में इसे केवल राम मंदिर निर्माण की वर्षगांठ ही नहीं, बल्कि "नव्य अयोध्या" के निर्माण की शुरुआत के रूप में भी याद किया जा रहा है।
इन छह वर्षों में राम जन्मभूमि पर स्वर्ण जड़ित भव्य मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। इसके साथ ही अयोध्या के बुनियादी ढांचे में भी व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं। शहर में चौड़ी और आधुनिक सड़कें, अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार किया गया है। इन परिवर्तनों के चलते अयोध्या अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रही है।
5 अगस्त को लेकर अयोध्या के साधु-संतों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। संत समाज ने लोगों से अपील की है कि इस अवसर पर अपने घरों में दीप जलाकर इस दिन को उत्सव के रूप में मनाएं।
वहीं, बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में मुस्लिम पक्षकार रहे इकबाल अंसारी ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से अयोध्या में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की सुंदर और विकसित अयोध्या को देखने के लिए विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं, जिससे शहर की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन