Santosh Kumar Yadav / Tue, Aug 18, 2026 / Post views : 166
अयोध्या। साइबर क्राइम थाने में रिश्वतखोरी के आरोपों ने अयोध्या पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। एसएसपी गौरव ग्रोवर ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही चारों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
निलंबित पुलिसकर्मियों में दरोगा यशवंत सिंह के अलावा पवन कुमार त्रिपाठी, सोहन लाल और गौरव चारग शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि साइबर क्राइम थाने से जुड़े इन पुलिसकर्मियों ने राजस्थान के सीकर निवासी एक व्यक्ति को नोटिस देकर पूछताछ के लिए अयोध्या बुलाया था। आरोप है कि व्यक्ति का नाम साइबर फ्रॉड के एक मामले में शामिल होने की बात कहकर उसे जेल भेजने की धमकी दी गई और कार्रवाई से बचने के लिए कथित तौर पर चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।
आरोप के मुताबिक, बाद में 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पैसा लेने के लिए पुलिसकर्मी राजस्थान के सीकर पहुंचे, जहां राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों को पकड़ लिया।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद अयोध्या पुलिस प्रशासन ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। राजस्थान में हुई एंटी करप्शन कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन