Santosh Kumar Yadav / Sat, Oct 3, 2026 / Post views : 214
मथुरा/वृंदावन। श्री राधा हित केलिकुंज आश्रम के बाहर हाथरस से आए एक किशोर के परिजनों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन करीब तीन महीने से लापता 16 वर्षीय अनुज चौधरी की तलाश और उसके बारे में जानकारी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची।
हाथरस के सादाबाद तहसील क्षेत्र के बरामनी गांव निवासी राजवीर सिंह का कहना है कि उनका बेटा अनुज करीब तीन महीने से लापता है। परिजनों के मुताबिक, किशोर ने कुछ समय पहले प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी। इसके बाद वह घर लौटा और कुछ दिन बाद दोबारा वृंदावन जाने के लिए निकला, जिसके बाद उसका पता नहीं चला।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किशोर आश्रम आया था। इसी आधार पर परिवार आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गया। पिता राजवीर सिंह ने आश्रम प्रबंधन से बेटे के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ वृंदावन संदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि किशोर की गुमशुदगी का मामला हाथरस जिले के संबंधित थाने में पहले से दर्ज है और हाथरस पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वृंदावन पुलिस आश्रम के रिकॉर्ड की जांच करा रही है।
सीओ के अनुसार, परिजनों का दावा है कि किशोर आश्रम आया था, जबकि इस दावे की पुष्टि के लिए रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
वहीं आश्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि उनके साधक समूह और उपलब्ध रिकॉर्ड में उक्त नाम के किसी किशोर का विवरण नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मामले में जांच जारी है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन