रुदौली,अयोध्या । रुदौली विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलसर में चकमार्गो की पटाई का कार्य मनरेगा में रजिस्टर्ड श्रमिकों के द्वारा न कराके जेसीबी मशीन द्वारा करवाया जा रहा है। जिसके कारण श्रमिक रोजगार के लिए ईधर से उधर भटकने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह कार्य मनरेगा की शर्तों के विपरीत जेसीबी मशीन द्वारा कराया जा रहा है जबकि योजना के तहत यह कार्य दिहाड़ी मजदूरों से कराया जाना चाहिये। ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा का उद्देश्य ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराना है। लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों की मनमानी के चलते मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है। इससे एक ओर सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद मजदूरों को रोजगार से वंचित होना पड़ रहा है। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अधिकारियों द्वारा संज्ञान न लिया गया तो हम लोग जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करने के साथ ही दोषी पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग करेंगे। वहीं इस संबंध में दूरभाष द्वारा सूचना देने पर खंड विकास अधिकारी अमित त्रिपाठी ने कहा कि उक्त ग्राम पंचायत में हो रहे कार्य की जानकारी नहीं है और बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत किसी भी निर्माण कार्य को मशीनों के बजाए मानव श्रम से पूरा करने का स्पष्ट प्रावधान है ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिल सके व उनकी आजीविका सुनिश्चित हो सके।