कानपुर । मूलगंज थानाक्षेत्र में बुधवार को देर शाम हुए पटाखा धमाके के बाद कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। पूरे जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर धड़ाधड़ छापेमारी चल रही है। इस कड़ी में थाना फजलगंज क्षेत्र से 60 क्विंटल अवैध पटाखों की बरामदगी के बाद थाना नौबस्ता के यशोदा नगर में स्थित मधुबन लॉन के दो कमरों से भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया गया है, ये लॉन सपा नेता का बताया जा रहा है ।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान मधुबन लॉन के कमरों से विस्फोटक पदार्थों को जब्त किया। यह लॉन घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। मधुबन लॉन के मालिक महेंद्र सिंह यादव (समाजवादी पार्टी के पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष) और केयर टेकर हरिओम अवस्थी पटाखा भंडारण के लिए आवश्यक कागजात पेश करने में असफल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया, "धमाके की घटना ने हमें सतर्क कर दिया है। अवैध पटाखों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। मधुबन लॉन जैसे स्थानों पर भंडारण से आमजन की जान को खतरा हो सकता था। जांच पूरी होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"
यह कार्रवाई कानपुर के मिश्री बाजार में हाल के धमाके से उपजी चिंताओं के बीच आ रही है, जहां अवैध पटाखों के भंडारण को धमाके का मुख्य कारण पाया गया। पुलिस ने अब तक कई स्थानों से टन भर पटाखे जब्त किए हैं और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दीपावली से पहले यह अभियान अवैध व्यापार पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।