सोहावल, अयोध्या। अधिकारी अपनों को बचाने पर आ जाए तो कोई कोर कसर नहीं छोड़ते। यहां स्कूल के घटिया निर्माण के मामले में तो ऐसा ही हो रहा है। अब इस मामले में जांच आख्या की ही जांच का नया पैतरा खेला जा रहा है।
खंड शिक्षा क्षेत्र के परिषदीय कंपोजिट विद्यालय साधु का पुरवा और पूर्व माध्यमिक विद्यालय अगेथुवा में घटिया भवन निर्माण का मामला प्रकाश में आया है। महीनों पहले कार्रवाई के लिए जिला समन्वयक निर्माण के द्वारा दी गई जांच आख्या की भी अब जांच बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी है। जिनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।
दोनों विद्यालयों में चार, चार कमरों का सेट वर्ष 2010 के दौरान बनवाने का कार्य साधुपुरवा के एक शिक्षक को मिला था। निर्माण इतना घटिया कराया गया कि साधु पुरवा का भवन 2022 में ही जर्जर घोषित करा ग्राम प्रधान ने तोड़वा दिया।
दूसरे विद्यालय अगेथुवा के भवन को जर्जर घोषित कर विभाग ने प्रतिबंधित कर रखा है। शिकायत पर जांच हुई और कार्रवाई के लिए आख्या निर्माण के जिला समन्वयक जीएस पांडेय ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौप दी। जिम्मेदारों को बचाने में विभाग का कथित काकस जुट गया तो लीपापोती के लिए जांच आख्या की भी अब जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने कहा कि दोषी है तो जिम्मेदार बचेंगे नहीं, जिला निर्माण समन्वयक की जांच आख्या का सत्यापन कराने के लिए फिर से जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है रिपोर्ट का इंतजार है।