अयोध्या। सरयू के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी रहने के बाद रविवार को जलस्तर में वृद्धि रुक गई थी। फिर भी सरयू अभी खतरे के निशान से 26 सेमी ऊपर बह रही है। सदर तहसील के छह गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। बाढ़ की आशंका से सहमे सोहावल और रुदौली तहसील के तटीय इलाकों के लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली लेकिन अब यहां पर कई गांवों में कटान तेज हो गई है। रविवार को सरयू का जलस्तर 92़ 99 मीटर रिकॉर्ड किया गया जो लाल निशान 92़ 73 मीटर से 26 सेमी ऊपर है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की शाम से सरयू के जलस्तर में वृद्धि का क्रम थम गया है। फिर भी यह खतरे के निशान से ऊपर ही है। इसकी अनिश्चितता बनी हुई है। ऐसे में अयोध्या धाम में सरयू के स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से भी जल पुलिस की ओर से सर्तकता बरती जा रही है।