Santosh Kumar Yadav / Thu, Sep 3, 2026 / Post views : 99
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 3 सितंबर को फर्रुखाबाद के दौरे पर, बाढ़ पीड़ितों को बांटेंगे राहत सामग्री और देंगे जमीन के पट्टे
फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 3 सितंबर को जनपद के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर के समय फतेहगढ़ पुलिस लाइन परेड ग्राउंड के पास बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री फतेहगढ़ पुलिस लाइन ग्राउंड में बनाए जा रहे वाटरप्रूफ पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित करेंगे। गंगा नदी के कटान में घर गंवाने वाले प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक और आवंटित जमीन के पट्टों के प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री करीब 50 मिनट तक फर्रुखाबाद में रहेंगे और इसके बाद हेलीकॉप्टर से मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर फतेहगढ़ पुलिस लाइन ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल के अलावा दो अन्य वाटरप्रूफ पंडाल भी लगाए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फर्रुखाबाद दौरे के दौरान करीब 103 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 67 कार्यों का शिलान्यास कर सकते हैं। इसके साथ ही करीब 33.63 किलोमीटर सड़कों से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले को करीब 28 करोड़ 53 लाख 99 हजार रुपये की सौगात मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए फतेहगढ़ पुलिस लाइन ग्राउंड और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानपुर जोन के कई जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।
कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर गंभीरता दिखाई है और कई बाढ़ प्रभावित जनपदों का दौरा किया है।
उन्होंने बताया कि फर्रुखाबाद में सदर और अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र के अलावा कायमगंज विधानसभा क्षेत्र का कुछ हिस्सा भी बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को जमीन के पट्टे और सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री स्वयं पहुंच रहे हैं।
विधायक के मुताबिक मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता और अन्य सुविधाएं प्रदान करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन