Santosh Kumar Yadav / Wed, Sep 9, 2026 / Post views : 112
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान श्रीरामलला के दर्शन-पूजन किए और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनिर्वाचित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जितेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को औपचारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभाली।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही व्यवस्थाओं को लेकर सक्रियता दिखाई दी। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। इस दौरान ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, कृष्ण मोहन और मदन मोहन पांडेय मौजूद रहे।
श्रीरामलला के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर चर्चा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था और मंदिर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संचालन को सशक्त करने पर जोर दिया। साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका ने बताया कि मुख्यमंत्री जब भी अयोध्या आते हैं, तो श्रीरामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन करते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और नए सीईओ के साथ परिचय के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने सीईओ को संचालन व्यवस्था को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी मंदिर में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन-पूजन भी किए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन