Santosh Kumar Yadav / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 82
मवई, अयोध्या। भारतीय किसान यूनियन रुदौली इकाई की ओर से बुधवार को मवई ब्लॉक परिसर में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शंकर पाल पाण्डेय ने की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और किसानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों से उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
बैठक में किसानों ने छुट्टा पशुओं की समस्या प्रमुखता से उठाई। किसानों का कहना है कि आवारा पशु खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। नेवरा, खलारपुर, कोटवा और रानेपुर सहित कई गांवों में समस्या गंभीर होने की बात कही गई। किसानों ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने की मांग की।
इसके अलावा नेवरा से ककरहा घाट जाने वाले मार्ग पर जलभराव और सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों ने जल निकासी के लिए पाइप डालने तथा मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की।
ग्राम नेवरा में जल निकासी की समस्या को लेकर भी ग्रामीणों ने अपनी बात रखी। उनका कहना है कि नाली और पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से घरों तथा रास्तों के आसपास पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
किसानों ने आरोप लगाया कि पूर्व में इन समस्याओं के संबंध में अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया था, लेकिन कई मामलों में अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में कृषि विभाग से संबंधित समस्याओं, विद्युत आपूर्ति, सड़कों और गांवों की मूलभूत सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
संगठन ने अधिकारियों से किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगा।
बैठक में भारतीय किसान यूनियन तहसील अध्यक्ष रविशंकर पाण्डे, ब्लॉक अध्यक्ष रामू चंद्र विश्वकर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन