Santosh Kumar Yadav / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 69
देहरादून। जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित आवास, शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से छात्रावास में ऊर्जा और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
छात्रावास की छत पर 10 KVA क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया जा चुका है। इसके अलावा बच्चों के कमरों के लिए करीब 10 कूलर उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें कमरों में स्थापित किया जाना है।
छात्रावास में सामूहिक गतिविधियों, शैक्षणिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के लिए एक नए हॉल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया गया है कि छात्रावास की क्षमता करीब 100 बच्चों की होगी। यहां रहने वाले बच्चों के लिए भोजन और आवास की व्यवस्था की गई है। योजना के तहत 6 से 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चों को सुविधा देने का लक्ष्य है, जो सामाजिक या आर्थिक रूप से कमजोर परिस्थितियों में हैं।
इसके दायरे में अनाथ या एक अथवा दोनों माता-पिता से वंचित बच्चे, बेहद कम वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चे, अल्पसंख्यक वर्ग, दिव्यांग, कूड़ा बीनने वाले, भिक्षावृत्ति से जुड़े तथा शहरी वंचित वर्ग के बच्चे शामिल किए जाने की बात कही गई है। विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों को भी सुरक्षित आवास और संरक्षण देने का लक्ष्य है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्राधिकरण विकास कार्यों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि छात्रावास में 10 KVA सोलर प्लांट स्थापित किया गया है और कमरों के लिए कूलर उपलब्ध कराए गए हैं।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बच्चों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उनके अनुसार सोलर प्लांट की स्थापना के साथ कूलर लगाए जा रहे हैं, जबकि हॉल निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन