अयोध्याउत्तरप्रदेश

अयोध्या में पाइप लाइन की मरम्मत से निर्माण एजेंसी ने किया किनारा 

निर्माणाधीन रामपथ पर टूटी पाइप लाइनों का मामला, लगातार ठप है जलापूर्ति

अयोध्या। दिसंबर तक रामपथ का निर्माण पूरा करने का दावा करने वाली निर्माण एजेंसी आरएंडसी ने अब टूटी पाइप लाइनों की मरम्मत से हाथ खड़े कर लिए हैं। एजेंसी ने जलकल विभाग को लिखकर दे दिया है कि निर्माण कार्य के साथ पाइप लाइनों की मरम्मत कर पाने में दिक्कतें आ रही हैं। अब इसे लेकर नगर निगम के जलकल विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक में खलबली मच गई है। हालांकि जलकल ने इस संकट को लेकर जल निगम से कर्मियों की मांग की है।

सहादतगंज से अयोध्या नयाघाट तक चौड़ीकरण के चलते बन रहे रामपथ पर बीते चार महीनों से टूटी पाइप लाइनों के चलते छाए संकट से राहत के आसार नहीं बन रहे हैं। बीस दिनों से टूटी पाइप लाइनों को दुरुस्त किए जाने का काम पहले से ही ठप पड़ा था अब निर्माण एजेंसी ने भी हाथ पीछे कर लिए हैं। जलकल विभाग के अनुसार एजेंसी की ओर से सूचना दी गई है कर्मियों की कमी के कारण वह त्वरित गति से पाइप लाइन दुरुस्त कर पाने में अक्षम है। यह भी कहा गया है टेक्निकल स्टाफ की कमी के कारण पाइप लाइनों की मरम्मत उचित ढंग से नहीं हो पा रही है। एजेंसी ने जलकल को बताया है कि निर्माण दिसम्बर तक पूरा किया जाना है इसके चलते कर्मियों की और उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।

जलकल के जेई अनूप सिंह का कहना है कि इसके लिए जल निगम से कर्मचारियों की मांग की गई है। उन्होंने स्वीकार किया है कि निर्माण एजेंसी ने कर्मियों की कमी बताई है और पाइप लाइनें ठीक कर पाने में आंशिक असमर्थता जताई है। जेई ने बताया कि प्रशासन से वार्ता कर जल निगम को पत्र भेज कर कर्मचारियों की डिमांड की गई है। हालांकि वह यह नहीं बता सके कि कितने कर्मचारी मांगें गए हैं लेकिन यह कहा कि जल निगम उपलब्धता के अनुसार कर्मी देगा। उन्होंने दावा किया कि बुधवार तक कर्मी मिल जायेगें।

UP Hulchul

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *