Santosh Kumar Yadav / Sun, Sep 6, 2026 / Post views : 85
अमेठी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को अमेठी के जायस स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (RGIPT) पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित एस.सी. बोस, भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस दौरान आरजीआईपीटी के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने संस्थान की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों और नवनिर्मित छात्रावासों की सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में शिक्षा और अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार उसके युवा, वैज्ञानिक और शोधकर्ता होते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पेट्रोलियम, ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत, ग्रीन फ्यूल और ऊर्जा दक्षता जैसे क्षेत्रों में नए शोध और नवाचार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।, उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार आवास, बिजली, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, आरजीआईपीटी निदेशक आचार्य हरीश हिरानी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवानन टी., मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन