रुदौली,अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए जिसमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे नवीन सब्जी मंडी के समीप लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहे सीवर पाइप लदे हाफ ट्राला लोडर गाड़ी यूपी 14- एफटी 3353 का अचानक टायर फट गया।
ड्राइवर ने किसी तरह गाड़ी को हाइवे के किनारे लगाकर खड़ी कर दिया। सुबह 6:30 बजे पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा छोटा हाथी पिकप संख्या यूपी-78 जीएन 2930 ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर ट्राला में पीछे से टकरा गया। इस हादसे में छोटा हाथी पिकप में बैठे ग्राम चुन्नीगंज थाना ग्वालटोली जनपद कानपुर निवासी अतीक पुत्र मुस्तकीम व चालक रवि कुमार पुत्र महिलाल घायल हो गए।
वहीं, पिकप गाड़ी में खिड़की के किनारे बैठा उपरोक्त पते का ही निवासी कन्हैया पुत्र शीतला प्रसाद गाड़ी में बुरी तरह फंस गया जिसे पुलिसकर्मियों ने बड़ी मशक्कत के बाद गंभीर अवस्था में बाहर निकाला। मौके पर मौजूद भेलसर चौकी प्रभारी दृवेश त्रिवेदी ने बताया हादसे में घायल तीनों लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है जिसमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।