रुदौली। नगर पालिका परिषद रुदौली अध्यक्ष पद के लिए हिंदू इंटर कालेज परिसर में हुई मतगणना के दौरान चार राउंड में पल पल जीत हार का रुख बदलता रहा। कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही मतगणना शाम चार बजे उस वक्त मामला गर्म हो गया जब मतगणना के दौरान भाजपा प्रत्याशी राजेश गुप्ता अपने समर्थकों के साथ चौथे राउंड में ये कहते हुए हंगामा करना शुरु कर दिया कि आरओ किसी को मतगणना में मिलने वाले वोटों की जानकारी नहीं दे रहे हैं। नारा लगाते हुए परिसर में ही धरना देकर बैठ गए। लगभग डेढ़ घंटा बाद अधिकारियों ने रिकाउंटिग कराने की बात कही तब जाकर मामला कुछ शांत होने पर मतगणना शुरु कर दी गई। इसी दौरान डीएम नितीश कुमार, एसएसपी मुनिराज भी पहुंच ग ए। देर शाम आरओ आमोद कुमार ने सपा प्रत्याशी जब्बार अली 8848, बसपा मोहम्मद शारिक 8286, भाजपा राजेश गुप्ता 7798, निर्दल प्रत्याशी विनोद लोधी 7140 वोट मिलने की घोषणा कर सपा प्रत्याशी जब्बार अली को 562 वोट से विजेता घोषित कर दिया।