सुल्तानपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के ससुर ब्रह्मादीन यादव का निधन उनके आवास पर हो गया. ब्रह्मादीन यादव की तबीयत बीते कुछ महीनों से खराब चल रही थी. निधन की खबर मिलते ही उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया. बीते महीने अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. उस समया मोहन यादव की पत्नी खुद अपने पिता का हाल जानने मेडिकल कॉलेज अस्पताल आई थी. इस दौरान उनके साथ उनकी बेटी भी थी.
सुल्तानपुर से मुख्यमंत्री मोहन यादव का गहरा नाता
जिले के डिहवा मोहल्ले में ब्रह्मादीन यादव का घर है, जहां वे अपने छोटे बेटे विवेकानंद यादव के साथ रह रहे थे. ब्रह्मादीन के तीन बेटे और एक बेटी सीमा यादव हैं, जिनका विवाह 1994 में मोहन यादव से हुआ था. उस समय ब्रह्मादीन रीवा में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. सरकारी नौकरी से सेवानिवृत होने के बाद उन्होंने सुल्तानपुर को ही अपना स्थायी ठिकाना बना लिया था. उनके छोटे बेटे विवेकानंद यहां एक स्कूल में शिक्षक हैं.
संघ से ब्रह्मादीन का रहा लंबा जुड़ाव: सीएम मोहन यादव के दिवंगत ससुर ब्रह्मादीन यादव का लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव रहा. उनकी सामाजिक और वैचारिक सक्रियता ने सुल्तानपुर और आसपास के क्षेत्रों में उन्हें एक जाना-माना चेहरा बना दिया. सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने सामाजिक कार्यों में रुचि बनाए रखी. स्थानीय लोगों के बीच उनकी सादगी और समर्पण की चर्चा होती थी.