सोहावल,अयोध्या। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट पंचायतो की व्यायाम शाला के अंतर्गत लगभग 7 वर्ष पहले कई लाख रूपए से बनाई गई तहसीनपुर ग्राम पंचायत की व्यायाम शाला (पार्क ) शनिवार को भोज शाला में बदल दिया गया। पार्क का गेट तोड़ कर बड़े बड़े टेंट खड़े किए गए और रात भर व्यायाम शाला में भोज का कार्यक्रम चलता रहा। इस सार्वजनिक स्थल में लगे लाखों रुपए के व्यायाम उपकरणों को क्षति पहुंचाई गई पार्क गंदगी से पट गया।
पूर्व आई ए एस प्रशांत नागर द्वारा लोकार्पित इस पार्क को पिछले 5 वर्षों में तीसरी बार निशाना बनाया गया है।आरोप है ग्राम प्रधान द्वारा संरक्षित और मनरेगा द्वारा रखे गए एक महिला कर्मी की निगरानी में चलने वाले इस पार्क को भोज स्थल बनाने के लिए ग्राम प्रधान की भी सहमति रही जिन्हें अपना वोट बैंक बनाए रखने के लिए सब कुछ नजरअंदाज करना पड़ा। सुबह शाम दर्जनों बच्चों बुजुर्गों और महिलाओं के लिए अब तक स्वास्थ्यवर्धक के रूप में काम आने वाले पूरे व्यायाम शाला की ऐसी की तैसी कर दी गई। व्यायाम शाला में जहां सुगंधित फूलों और शुद्ध हवाओं का लोगो को लाभ मिलता था अब गंदगी से दुर्गंध आ रही है। गेट टूट जाने से आवारा पशु अब अपना बसेरा बनाएंगे। मनरेगा से 6 हजार रु मासिक की मानदेय पर माली गिरी करने वाली गांव की महिला माला बताती है कई महीनों ने मानदेय नहीं मिला पार्क की रखखाव राम भरोसे है। पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी दोनों का फोन रिसीव नहीं हुआ। एडीओ पंचायत अनिरुद्ध प्रसाद वर्मा ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
रिपोर्ट-अफरोज अहमद