मणिपुर में 77 दिनो से जारी हिंसा में सबसे शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। घटना हिंसा शुरु होने के दूसरे दिन यानि कि 4 मई की है घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर खुलेआम सड़क पर घुमा रही है मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वीडियो देखकर हम बहुत परेशान हुए हैं वहीं, PM मोदी ने भी घटना पर दुख जताया है।
सामने आया वीडियो
घटना 4 मई को राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में हुई। जहां भीड़ ने दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया। घटना के विरोध में मणिपुर के चुड़ाचांदपुर में प्रदर्शन शुरू हो गया है। हजारों लोग काले कपड़े पहनकर जमा हो गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मणिपुर पुलिस ने किडनैपिंग, गैंगरेप और हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकियों की तलाश जारी है। हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
SC ने सरकार से मांगा जबाव
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और मणिपुर सरकार से पूछा है कि अपराधियों पर कार्रवाई के लिए आपने क्या कदम उठाए हैं। CJI ने कहा कि सांप्रदायिक संघर्ष के दौरान महिलाओं का एक औजार की तरह इस्तेमाल कभी स्वीकार नहीं किया जा सकता है। यह संविधान का सबसे घृणित अपमान है। पीठ ने कहा कि हम सरकार को कार्रवाई के लिए थोड़ा समय देंगे और अगर जमीनी स्तर पर कुछ नहीं होता है तो फिर हम कार्रवाई करेंगे। मामले में अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
PM मोदी ने जताया दुख
मामले को लेकर PM मोदी ने कहा - मेरा दिल आज पीड़ा और क्रोध से भरा है। ये घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाली घटना है। मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे कभी माफ नहीं किया जा सकता। ये बेइज्जती पूरे देश की हो रही है।उन्होंने कहा- मैं सभी मुख्यमंत्रियों से कहता हूं कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करें। माताओं-बहनों की रक्षा के लिए सख्त कदम उठाएं। हिंदुस्तान के किसी भी कोने या किसी भी राज्य में राजनीतिक वाद-विवाद से ऊपर उठकर कानून-व्यवस्था और बहनों का सम्मान प्राथमिकता है।
वीडियो शेयर करने पर रोक
सरकार ने फेसबुक-ट्विटर और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को निर्वस्त्र महिला की वीडियो को शेयर न करने का आदेश दिया है। आदेश का उल्लंघन होने पर केंद्र सरकार ट्विटर के खिलाफ एक्शन ले सकती है। मणिपुर पुलिस ने बताया कि वीडियो में भीड़ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करती दिख रही है। महिलाएं रो रही हैं और भीड़ से गुहार लगा रही हैं। नांगपोक साकमई पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।