Santosh Kumar Yadav / Sun, Aug 30, 2026 / Post views : 126
गोरखपुर। सदर सांसद एवं अभिनेता रवि किशन ने गोरखपुर के विकास, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और नेपाल में आई त्रासदी को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले के गोरखपुर और आज के गोरखपुर को देखा जाए तो दोनों में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है।
रवि किशन ने कहा कि उन्होंने स्वयं उस दौर का गोरखपुर देखा है, जब अपराध और जमीन से जुड़े विवादों की घटनाएं चर्चा में रहती थीं। उनके मुताबिक, आज गोरखपुर में बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने झील के किनारे का विकास, फाइव स्टार होटल, फोरलेन सड़कें, इलेक्ट्रिक बसें, औद्योगिक क्षेत्र और रोजगार के अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि फर्टिलाइजर और चीनी कारखानों के संचालन से भी क्षेत्र के विकास को गति मिली है।
राजनीतिक विरोध को लेकर रवि किशन ने कहा कि राजनीतिक विरोधियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की उम्मीद करना मुश्किल है, क्योंकि इससे उनकी राजनीति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि वे जनता के सामने विकास से जुड़े तथ्यों को रखें और 2017 से पहले तथा वर्तमान गोरखपुर की तस्वीरों में आए बदलाव को दिखाएं।
ODOP को लेकर क्या बोले रवि किशन?
वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना पर रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि आम परिवारों, महिलाओं और छोटे उद्यमियों के उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग और मार्केटिंग के जरिए उन्हें बड़े और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद छोटे उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे सकें।
नेपाल त्रासदी पर जताया दुख
नेपाल में आई त्रासदी पर दुख जताते हुए रवि किशन ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी त्रासदी भगवान किसी को न दिखाए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने से कई परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है।
रवि किशन ने कहा कि भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुश्किल समय में नेपाल के साथ खड़े रहे हैं और प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद की जा रही है। उन्होंने लापता लोगों के जल्द सुरक्षित मिलने की कामना की और भगवान महादेव से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन