Santosh Kumar Yadav / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 126
कानपुर देहात: माती स्थित ईको पार्क में पेरियार ललई सिंह यादव की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को लेकर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “विनाश काले विपरीत बुद्धि... बीजेपी के पैर में कुल्हाड़ी नहीं गिरी, बीजेपी ने कुल्हाड़ी में ही पैर मार दिया।”
कार्यक्रम का आयोजन धनीराव बौद्ध पैंथर के तत्वावधान में किया गया। समारोह में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद राजाराम पाल, कुलदीप संखवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजलाल खाबरी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पेरियार ललई सिंह यादव के सामाजिक संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय से जुड़े विचारों को याद किया। राजेंद्र पाल गौतम ने उनके जीवन और सामाजिक आंदोलनों में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
जयंती समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से माती ईको पार्क में काफी भीड़ नजर आई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलित और पिछड़ा समाज भाजपा को संवैधानिक तरीके से जवाब देगा।
राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा पर छुआछूत की मानसिकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने राम के नाम पर राजनीति, मंदिरों में चढ़ावे, शिक्षा और सरकारी स्कूलों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्राकृतिक संसाधनों को बड़े पूंजीपतियों को सौंपा जा रहा है और सरकार जनता के हितों के अनुरूप काम नहीं कर रही है।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं। उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद राजाराम पाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और संबंधित घटनाक्रम की निंदा की।
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने पेरियार ललई सिंह यादव के सामाजिक न्याय, समानता और संघर्ष के विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन