Santosh Kumar Yadav / Sun, Oct 11, 2026 / Post views : 168
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में सरयू नदी के पावन तट पर स्थित इच्छा पूर्ण हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को मखौड़ा धाम, बस्ती की संगीता किन्नर की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के तहत मां सरयू के दर्शन-पूजन के बाद मंदिर में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों विप्रों, पुरोहितों और जरूरतमंदों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर के श्रीमहंत बृजमोहन दास जी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विप्रों, पुरोहितों एवं ब्राह्मणों को भोजन कराने के साथ अंगवस्त्र और दक्षिणा प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की संयोजक मोहिनी किन्नर रहीं। इस अवसर पर अयोध्या के अनेक संत-महंत, धर्मगुरु और श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों की ओर से संत-महात्माओं का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संगीता किन्नर ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां श्रद्धा और भक्ति के साथ सेवा तथा दान-पुण्य का विशेष महत्व है। इसी भावना से सरयू तट पर विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया। उन्होंने कहा कि विप्रों, पुरोहितों और जरूरतमंदों को भोजन कराना तथा अंगवस्त्र और दक्षिणा देकर सम्मानित करना सेवा का कार्य है।
इस अवसर पर श्रीमहंत बृजमोहन दास जी, मोहिनी किन्नर, श्रीमहंत शनिदास जी महाराज, महंत हरे राम दास जी महाराज, पंडित अशोक पुरोहित सहित अनेक संत-महंत, धर्मगुरु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन