अयोध्या। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बन रही सड़कों की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इसके लिए ठेकेदार नहीं इंजीनियर जिम्मेदार माने जाएंगे। गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो इसकी शिकायत केंद्र सरकार से की जाएगी। यह चेतावनी सांसद लल्लू सिंह ने बृहस्पतिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता कर रहे सांसद ने कहा कि अंबेडकरनगर रोड पर गांव के लिंक मार्ग को बंद कर दिया गया है। इसकी वैकल्पिक व्यवस्था की तत्काल जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्थापितों को कागज नहीं मिले हैं। ऐसे में अफसर बैठकर उन्हें कागजात दिलवाएं ताकि उन्हें आवास योजना का लाभ मिल सके। इस दौरान उन्होंने गांवों में बंद पड़े सामुदायिक शौचालयों पर भी नाराजगी जताई। डीपीआरओ से कहा कि इनका संचालन सुनिश्चित करवाएं।
डिप्टी सीएम के दौरे के कारण बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी गैरहाजिर रहे। इस बात पर सांसद ने नाराजगी जताई। कहा कि यह महत्वपूर्ण बैठक है। दोबारा ऐसा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीडीओ से सभी गैरहाजिर अधिकारियों से जवाब तलब करने को कहा।
बताया गया कि मनरेगा का वित्तीय वर्ष 2023-24 का वार्षिक श्रम बजट 30.01 लाख मानव दिवस है। इसमें अप्रैल तक निर्धारित लक्ष्य 2.31 लाख मानव दिवस की तुलना में 3.35 लाख मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। इस दौरान सभी विभागों ने अपनी-अपनी प्रगति की जानकारी दी। बैठक में अयोध्या विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, विधायक अभय सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी के साथ समिति के सदस्य और अधिकारी मौजूद रहे।