Santosh Kumar Yadav / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 189
अयोध्या में हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के बीच एक टीवी डिबेट के दौरान हुई तीखी बयानबाजी को लेकर सियासी विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस ने राजू दास के बयान को निषाद समाज से जोड़ते हुए विरोध जताया था।
विवाद के बीच महंत राजू दास अयोध्या में निषाद समुदाय की बस्ती पहुंचे और समाज के लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं।
राजू दास ने स्पष्ट किया कि डिबेट के दौरान इस्तेमाल किए गए उनके शब्द कांग्रेस प्रवक्ता के लिए थे, निषाद समाज के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि निषादराज भगवान राम के परम मित्र थे और वह स्वयं भगवान राम के भक्तों के सेवक हैं, ऐसे में निषाद समुदाय के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करने का सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि टीवी डिबेट के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता की ओर से पहले उनके खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और जूता दिखाया गया, जिसके जवाब में उन्होंने प्रतिकार किया था।
राजू दास ने कहा कि मामले को राजनीतिक रूप दिए जाने के कारण वह स्वयं निषाद समुदाय के लोगों से मिलने पहुंचे और अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने दोहराया कि उनका बयान किसी समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि डिबेट में मौजूद कांग्रेस प्रवक्ता के संदर्भ में था।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन