अयोध्या। शासन के निर्देश पर रोडवेज महकमें में भी तबादला जारी है। तबादला सीजन में कई बदलाव दिख रहे हैं। एआरएम वित्त समेत क्षेत्र और डिपो में कई अधिकारी और कर्मचारी बदल गए हैं। क्षेत्र के अमेठी व अकबरपुर डिपो को नया एआरएम मिला है। ताजा बदलाव में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने लखनऊ मुख्यालय पर तैनात सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वित्त बिरला सिंह को इसी पद पर अयोध्या क्षेत्र में तैनात किया है, लेकिन क्षेत्र में एआरएम वित्त के पद पर तैनात सुमीर कुमार को अभी नई तैनाती नहीं मिली है।
लखनऊ के ही उपनगरीय डिपो पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर तैनात काशी प्रसाद को अयोध्या क्षेत्र के अमेठी डिपो तथा प्रयागराज सिविल लाइन डिपो में यातायात अधीक्षक के साथ प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सीबी राम को सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अकबरपुर डिपो तैनात किया है। अकबरपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विवेकानंद तिवारी 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए, जबकि अमेठी डिपो का प्रभार सुल्तानपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देख रहे थे।
वहीं सीनियर फोरमैन ग्रेड दो से एक में प्रोन्नत आजमगढ़ क्षेत्र में तैनात अजय कुमार सिंह को अयोध्या क्षेत्र, मुख्यालय पर तैनात बीके श्रीवास्तव को अयोध्या क्षेत्र के सुल्तानपुर डिपो तथा अयोध्या क्षेत्र में तैनात योगेश शुक्ल को प्रोन्नति के बाद इसी क्षेत्र में तैनाती दी है। जबकि सीनियर फोरमैन में लखनऊ में तैनात सुभाष सिंह को अयोध्या क्षेत्र तथा तकनीकी शाखा के जूनियर फोरमैन पद में लखनऊ में तैनात संजय श्रीवास्तव को अयोध्या क्षेत्र में तैनाती मिली है।