अयोध्या। अब बीमार व घायल पशु को पशु चिकित्सालय ले जाने की जरूरत नहीं है। आपके एक फोन पर मोबाइल वेटरनरी वैन आपके दरवाजे पर होगी। वैन से पशु चिकित्सक आपके घर पहुंचेंगे और निशुल्क इलाज करेंगे। बीमार पशु व जानवरों को दवाएं भी निशुल्क दी जाएगी। इसके लिए सिर्फ आपको विभाग के एक टोल फ्री नम्बर पर कॉल करना है।प्रदेश सरकार ने 108 एंबुलेंस की तर्ज पर मोबाइल वेटरनरी वैन की भी शुरुआत की है, जिसके जरिये बीमार व घायल पशुओं का इलाज करने के पशु चिकित्सक खुद आपके घर पहुंच जाएंगे। मई में शुरू हुई इस योजना के बाद जनपद में छह मोबाइल वैन काम कर रही है। इस वैन के लिए टोल फ्री नम्बर 1962 जारी किया गया है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश सिंह ने बताया कि दो माह पहले शुरू हुई इस योजना से उन पशुपालकों को सहूलियत मिल जाएगी, जो चिकित्सालय से काफी दूर रहते हैं और लोगों की सलाह पर पशुओं को दवाएं दे देते हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत छोटे पशुओं से लेकर हाथी तक का इलाज हो सकेगा।
वहीं डॉ. जगदीश ने यह अपील करते हुए कहा है की बहुत से लोग छोटी सी बीमारी होने पर ही वैन बुलाने की मांग करते हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक होना पड़ेगा। कभी-कभी देखा जाता है कि ऐसी कॉल पर गंभीर पशु लाइन में ही रह जाते हैं और उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल जाता है।