अयोध्या। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में अब शिक्षकों के साथ ही नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों की भी ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। यह उपस्थिति माध्यमिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इससे वजीफा में फर्जीवाड़ा करने वालों पर रोक लगेगी। इसे लेकर जिला स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। हालांकि अभी यह नहीं तय है कि पहले चरण में कितने कालेज पर बायोमेट्रिक मशीनें लगाई जानी हैं।
जिले में 461 हाईस्कूल और इंटर कॉलेज हैं। इनमें 345 कालेज वित्त विहीन और 40 संस्कृत सहायता प्राप्त हैं। इसके अलावा 50 माध्यमिक के सहायता प्राप्त और 26 राजकीय इंटर कालेज है। इन कालेजों में अब शिक्षकों और छात्र - छात्राओं की ऑनलाइन हॉजिरी लगेगी। बताया गया कि यह पहल वजीफा और प्रतिपूर्ति के फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए हो रही है।
छात्रों की ऑनलाइन हाजिरी शुरू करने की कवायद समाज कल्याण विभाग और शिक्षकों के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने की है। विभाग का कहना है कि छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों की 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी। यह व्यवस्था जुलाई से लागू होने की संभावना है। इसके तहत कॉलेज के प्रवेश द्वार पर बायोमैट्रिक मशीन रखी जाएगी।