अयोध्या। अनुसंधान परियोजनाओं, अकादमिक एवं नवीन शिक्षण पद्धतियों के आदान-प्रदान के लिए डा. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को द अमेरिकन विश्वविद्यालय अमेरिका व एशियन बायोलाॅजिकल रिसर्च फाउंडेशन, प्रयागराज के साथ अनुबंध किया है। विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव डाॅ अंजनी कुमार मिश्र एवं द अमेरिकन विश्वविद्यालय अमेरिका के चीफ रेक्टर प्रो मधु कृष्णन व एबीआरएफ के सचिव डाॅ एएन शुक्ला ने पांच वर्षीय अनुबंध पर हस्ताक्षर किया गया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल ने कहा कि आपसी हितों के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के साथ संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं पर कार्य किया जायेगा। अकादमिक प्रकाशनों और रिपोर्टों, नवीन शिक्षण विधियों और पाठ्यक्रम डिजाइन में अनुभवों को साझा करने के साथ संस्थानों के साथ संयुक्त संगोष्ठियों, कार्यशालाओं और सम्मेलनों का आयोजन होगा। द अमेरिकन विश्वविद्यालय अमेरिका के चीफ रेक्टर प्रो मधु कृष्णन ने बताया कि अनुबंध से छात्रों को सीखने का सुनहरा अवसर और अनुसंधान विद्वानों से पाठ्यक्रमों को नया आयाम मिलेगा।
शैक्षणिक या वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान मामलों के संबंध में पारस्परिक हित की अन्य गतिविधियाँ शामिल होगी। वहीं एबीआरएफ के सचिव डाॅ एएन शुक्ला ने बताया कि इससे अनुसंधान के क्षेत्र में ज्ञान साझा करने के साथ विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों और कार्यक्रमों का सहयोगात्मक विकास होगा और संयुक्त तकनीकी अनुसंधान परियोजनाओं पर कार्य किया जा सकेगा। मीडिया प्रभारी विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि इस अवसर पर प्रो जसवंत सिंह, प्रो सिद्धार्थ शुक्ला, डाॅ विनोद चैधरी समेत अन्य मौजूद रहे।