Santosh Kumar Yadav / Thu, Nov 5, 2026 / Post views : 493
रुदौली-अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य दीपोत्सव से पहले रुदौली विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध मां कामाख्या धाम में गुरुवार की शाम भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। आदि गंगा गोमती के पावन तट पर आयोजित छठे दीपोत्सव में एक लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।
विधायक रामचंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मां भक्तों, क्षेत्रीय युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए पिछले एक सप्ताह से तैयारियां की जा रही थीं।
आयोजकों के अनुसार, इस बार दीप प्रज्वलन का आंकड़ा पिछले वर्ष के रिकॉर्ड से अधिक रहा। दीपों की रोशनी से मां कामाख्या धाम और गोमती तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
विधायक रामचंद्र यादव ने आयोजन की सफलता का श्रेय क्षेत्रवासियों और मां के भक्तों को दिया। उन्होंने कहा कि मां कामाख्या धाम में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम आमजन की श्रद्धा और सहयोग से सफल होते हैं।
उन्होंने मां कामाख्या धाम की चुनरी यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें माताओं, बहनों और बेटियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रहती है।
विधायक ने मां कामाख्या से क्षेत्र की खुशहाली, तरक्की और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से सात नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले मुख्य दीपोत्सव में शामिल होने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन