Santosh Kumar Yadav / Sat, Aug 8, 2026 / Post views : 90
पीलीभीत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पीलीभीत में शनिवार को विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। गांधी स्टेडियम से शुरू हुई रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने किया। दोनों अधिकारियों ने हाथ में तिरंगा थामकर रैली का नेतृत्व किया।
रैली की शुरुआत राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के साथ हुई। गांधी स्टेडियम से गौहनिया चौराहा होते हुए रैली ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज पहुंची, जहां समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
रैली में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक देशवासी के हृदय में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने जनपदवासियों, व्यापारियों, चिकित्सकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं समेत सभी नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने रैली में युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह विशाल रैली पीलीभीत के नागरिकों की देशभक्ति का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने युवाओं से देश की रक्षा और प्रगति के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन