Santosh Kumar Yadav / Thu, Aug 27, 2026 / Post views : 211
चम्पावत। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड के सीमावर्ती जनपद चम्पावत में प्रशासन और आपदा राहत तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित खतरे को देखते हुए सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टनकपुर स्थित SDRF पोस्ट को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है।
SDRF टीम द्वारा शारदा नदी के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों, शारदा घाट, शारदा बैराज और आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी एवं गश्त की जा रही है। टीम नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय कर रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर SDRF कर्मियों ने शारदा घाट और निचले इलाकों में पहुंचकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों तथा मछुआरों को जागरूक किया। लोगों से अपील की गई है कि नदी के तेज बहाव और तटीय क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी ने टीम को शारदा नदी और बैराज क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर में किसी भी बदलाव की लगातार निगरानी की जाए और संभावित आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
SDRF टीम आवश्यक जीवनरक्षक और रेस्क्यू उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

जिला प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और आपसी समन्वय के साथ शारदा नदी के जलस्तर एवं संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन और SDRF ने आमजन से अपील की है कि उफनती नदियों, शारदा घाट, बैराज और नदी के तटीय क्षेत्रों के समीप न जाएं। बच्चों और पशुओं को भी नदी से दूर रखें। किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन