रुदौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय मुगल के चौका पुरवा में खेत जोतने गए एक किसान का शव पाये जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गई। मृतक के पीठ पर सींग के निशान पाये जाने से परिजन किसी छुट्टा जानवर के हमले से किसान की मौत का अनुमान लगा रहे है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुँचे कोतवाल रुदौली देवेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मनीराम पुत्र फुलेराज 50 वर्ष शनिवार की सुबह हल व बैल लेकर गाँव मे स्थित अपने खेत की जुताई करनें गया था।करीब साढ़े दस बजे के आसपास गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मनीराम की पत्नी को मनीराम को खेत में बेसुध पड़े होनें की जानकारी दी।आनन फानन में खेत पहुँची मनीराम की पत्नी के होश उस समय फ़ाख्ता हो गए जब उसने मनीराम को खेत में मृत अवस्था में पड़ा देखा।प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मृतक के पीठ में सींग के कई निशान पाये गये हैं जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है किसी छुट्टा जानवर के हमले से किसान की मौत हुई है।
बताते चलें कि मृतक किसान मनीराम के चार बेटियां व एक बेटा है जिसमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है जबकि एक ग्यारह वर्षीय बेटा व एक बेटी अभी बाकी हैं मृतक मनीराम ही अपने परिवार का एकमात्र पोषक था।मनीराम के इस आकस्मिक निधन से जहां परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।