Santosh Kumar Yadav / Fri, Sep 18, 2026 / Post views : 92
देहरादून। उत्तराखंड में ट्रेकिंग और हाइकिंग को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में 100 प्रमुख ट्रेक और हाइक रूट्स की GPS/GIS मैपिंग और तकनीकी सर्वेक्षण शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से अभियान दल को फ्लैग ऑफ किया।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा गठित टीमें चयनित ट्रेक रूट्स का स्थलीय सर्वेक्षण कर उनकी विस्तृत मैपिंग करेंगी। सरकार के अनुसार, इसके माध्यम से प्रसिद्ध ट्रेकिंग क्षेत्रों के साथ दूरस्थ और कम प्रसिद्ध मार्गों को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक और ट्रेकिंग पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से ट्रेकिंग को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ पर्यटकों की सुरक्षा तथा आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य को बेहतर किया जा सकेगा।
परियोजना में ट्रेक रूट्स से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं के लिए भी जानकारी जुटाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, मैपिंग के बाद ऑफलाइन और ऑनलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित करने की योजना है। इससे नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी ट्रेकर्स मोबाइल के माध्यम से ट्रेल और रूट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

सरकार का कहना है कि इस पहल से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर गाइडिंग, होमस्टे और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
रिपोर्ट— यशदीप आर्य
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन