Santosh Kumar Yadav / Sun, Aug 9, 2026 / Post views : 104
झांसी। साइबर ठगी के खिलाफ झांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 23 कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी या सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को मुकदमे और गिरफ्तारी का डर दिखाते थे। इसके बाद पीड़ितों से रकम अपने बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध से जुड़े पोर्टलों और प्राप्त शिकायतों से मिले इनपुट के आधार पर कटेरा थाना क्षेत्र के खौरियाना, मौरियाना और काडौर समेत आसपास के इलाकों में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
120 मोबाइल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 120 मोबाइल फोन, 35 डेबिट कार्ड, 29 बैंक पासबुक, 13 बैंक कार्ड, 20 आधार कार्ड, 4 वोटर आईडी, एक लैपटॉप और एक टैबलेट बरामद किया है।
इसके अलावा पुलिस ने 9 लाख 20 हजार 510 रुपये नकद, 284 ग्राम पीली धातु और 1 किलो 408 ग्राम सफेद धातु भी बरामद करने का दावा किया है।
फोन पर शुरू होता था डर का खेल
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी फोन कर लोगों से कहते थे कि वे पुलिस अधिकारी या किसी सरकारी विभाग से बोल रहे हैं। इसके बाद पीड़ित के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने या गिरफ्तारी होने की बात कहकर उसे डराया जाता था।
डर के माहौल में पीड़ित से पैसों की मांग की जाती थी और रकम बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कराई जाती थी। इस तरह आरोपी साइबर ठगी को अंजाम देते थे।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
इसके साथ ही पुलिस अपराध से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और ठगी की पूरी रकम का पता लगाने पर जांच एजेंसियों का फोकस है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन