रुदौली, अयोध्या। विकास खण्ड रुदौली के अवर अभियंता पर घटिया सामग्री से इंटर लाकिंग व पीली व गोड़िया ईंट से निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र देकर जांच कराकर कार्यवाही की मांग की है।
मामला विकास खण्ड रुदौली का है।जहां पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य निवासी भेलसर मोहम्मद मुस्लिम ने विकास खण्ड रुदौली के अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण के विरुद्ध शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि ग्राम ममरेज नगर में गीता भवन से फूलचन्द गोड़िया के दरवाजे तक इंटर लाकिंग लगाई है जो मानक के विरुद्ध है।लगाई गई इंटर लाकिंग के नीचे गिट्टी नाम मात्र के लिए डाली गई है।इंटर लाकिंग के नीचे केवल बालू डालकर उसको लेवल करके ईंट लगाई गई है और उसमें सीमेंट भी नहीं डाली गई है। शिकायतकर्ता मो मुस्लिम ने बताया कि खड़ंजा का निर्माण गौस के घर के पास से रामशब्द के खेत तक लगना था लेकिन वहां न लगाकर उसे छोड़ दिया गया है जिसमें पीली ईंट व गोड़िया ईंट का प्रयोग किया गया है जो मानक के विरुद्ध है।उन्होंने बताया कि क्षेत्र पंचायत के कार्य गांव से गांव जोड़ कर किया जाता है जबकि अवर अभियंता द्दारा गांव के अंदर ही कार्य कराकर क्षेत्र पंचायत के धन का बंदर बांट करने का कार्य किया जा रहा है उन्होंने बताया कि जो कार्य कराए जाते हैं उनकी ई टेंडरिंग नहीं कराई जाती है बिना टेंडर कराए ही क्षेत्र पंचायत का धन खर्च करते हैं जो नियम के विरुद्ध है। वहीं उपजिलाधिकारी अंशुमान सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र की जांच कराई जा रही है रिपोर्ट आने पर कार्यवाही की जाएगी।